✦ ॥ नमो तस्स भगवतो अरहतो सम्मासम्बुद्धस्स ॥ ✦

परिचय



ध्यान: क्या और क्यों

सीधे शब्दों में कहें तो ध्यान चित्त को साधने की एक कला है। इसका मकसद चित्त को वह ताकत और हुनर देना है, जिसकी जरूरत उसे अपनी उलझनों को सुलझाने के लिए पड़ती है। जिस तरह शरीर की अलग-अलग बीमारियों के लिए अलग-अलग इलाज होते हैं, ठीक वैसे ही चित्त की अलग-अलग समस्याओं के लिए ध्यान के तरीके भी अलग-अलग होते हैं।

इस किताब में जिस ध्यान विधि की बात की गई है, उसका निशाना चित्त की सबसे गहरी और बुनियादी समस्या पर है: वह तनाव और दुख जिसे चित्त खुद अपने ही विचारों और कर्मों से पैदा करता है। यह एक अजीब विडंबना है कि चित्त चाहता तो सुख है, लेकिन फिर भी वह खुद को मानसिक पीड़ा के बोझ तले दबा लेता है।

सच तो यह है कि यह सारी पीड़ा इसलिए पैदा होती है क्योंकि चित्त सुख को गलत जगहों पर तलाश रहा है, या गलत तरीके से तलाश रहा है। ध्यान आपको यह पता लगाने में मदद करता है कि चित्त ऐसा क्यों करता है? यह उन कारणों को उजागर करता है और उनका इलाज करता है। और जब ये कारण खत्म हो जाते हैं, तो आपके सामने सच्चे सुख का रास्ता खुल जाता है—एक ऐसा सुख जिस पर आप पूरा भरोसा कर सकते हैं, जो न कभी बदलता है और न ही कभी आपको निराश करता है।

ध्यान की दुनिया की सबसे अच्छी खबर यही है: सच्चा सुख संभव है, और आप अपने खुद की मेहनत से इसे हासिल कर सकते हैं। आपको उन छोटे-मोटे सुखों से समझौता करने की जरूरत नहीं जो आज हैं और कल नहीं। और न ही आपको निराश होकर यह मानकर बैठना है कि जिंदगी बस इन्हीं पल-दो-पल की खुशियों का नाम है।

और न ही आपको अपने सुख के लिए अपने बाहर किसी व्यक्ति या शक्ति पर निर्भर रहने की जरूरत है। आप अपने चित्त को उस भरोसेमंद सुख तक पहुँचने के लिए साध सकते हैं, जिसे पाने के लिए किसी से कुछ छीनने की जरूरत नहीं पड़ती और जिससे न आपको नुकसान हो, न किसी और को।

न केवल ध्यान का लक्ष्य उत्तम है, बल्कि उस लक्ष्य तक पहुँचने का रास्ता भी उतना ही पवित्र है। यह रास्ता ऐसे कर्मों और गुणों से बना है जिन्हें अपने भीतर विकसित करने पर आपको गर्व होगा: जैसे ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, करुणा, स्मृति और प्रज्ञा।

चूँकि असली सुख भीतर से ही फूटता है, इसलिए इसे पाने के लिए आपको किसी और से कुछ लेने की जरूरत नहीं पड़ती। आपका सच्चा सुख दुनिया में किसी और के सुख के आड़े नहीं आता। बल्कि, जब आप भीतर से भरे होते हैं, तो आपके पास दूसरों के साथ बांटने के लिए भी बहुत कुछ होता है।

यही वजह है कि ध्यान का अभ्यास सिर्फ आपकी भलाई नहीं, बल्कि दूसरों के लिए भी करुणा का काम है। जब आप तनाव और दुख की समस्या का समाधान करते हैं, तो सबसे बड़ा फायदा तो आपको ही होता है, लेकिन आप अकेले नहीं हैं जिसका भला होता है।

ऐसा इसलिए है क्योंकि जब आप खुद अपने लिए तनाव और दुख पैदा करते हैं, तो आप खुद को कमजोर बना रहे होते हैं। आप न केवल खुद पर बोझ बनते हैं, बल्कि अपने आसपास के लोगों पर भी। कभी मदद और सहारे के लिए उन पर लटकते हैं, तो कभी अपनी कमजोरी और डर की वजह से कड़वे बोल बोलकर या गलत काम करके उन्हें चोट पहुँचाते हैं।

और जब आप अपनी ही उलझनों में फंसे होते हैं, तो दूसरों की मदद करने में भी असमर्थ रहते हैं। लेकिन अगर चित्त यह सीख ले कि खुद को तनाव और दुख देना कैसे बंद करना है, तो आप दूसरों पर बोझ बनना बंद कर देंगे और उनकी मदद करने के लिए बेहतर स्थिति में होंगे।

इस तरह, ध्यान का अभ्यास आपको अपने भीतर उन चीजों का सम्मान करना सिखाता है जो वाकई सम्मान के लायक हैं: यानी सच्चे सुख की आपकी चाहत—जो पूरी तरह भरोसेमंद और अहिंसक है—और अपने खुद के पुरुषार्थ से उस सुख को पाने की आपकी क्षमता।

चित्त के बनाए तनाव और दुखों को पूरी तरह खत्म करने के लिए गहरे समर्पण, प्रशिक्षण और हुनर की जरूरत होती है। लेकिन इस किताब में बताई गई ध्यान की तकनीक सिर्फ उन लोगों के लिए ही नहीं है जो संबोधि या पूर्ण मुक्ति तक जाने के लिए तैयार हैं।

भले ही आप सिर्फ अपने दर्द को संभालने के लिए मदद चाहते हों, या अपने जीवन में थोड़ी और शांति और ठहराव की तलाश में हों, ध्यान के पास आपको देने के लिए बहुत कुछ है। यह चित्त को रोजमर्रा की जिंदगी की मारामारी से निपटने के लिए भी मजबूत बनाता है, क्योंकि यह ‘स्मृति’, ‘सचेतता’, ‘समाधि’ और ‘प्रज्ञा’ जैसे गुणों को जगाता है जो घर हो या दफ्तर, आप जहाँ भी हों, हर काम में काम आते हैं।

जीवन के बड़े और मुश्किल सवालों से भिड़ने में भी ये गुण ढाल का काम करते हैं। आसक्ति, गहरा सदमा, हार, निराशा, बीमारी, बुढ़ापा और यहाँ तक कि मौत को संभालना भी तब बहुत आसान हो जाता है जब चित्त ने ध्यान के जरिए इन हुनरों को सीख लिया हो।

इसलिए, भले ही आप तनाव और दुख से पूरी तरह मुक्त न भी हो पाएं, फिर भी ध्यान आपको अपने दुखों को ज्यादा समझदारी से संभालने में मदद कर सकता है—यानी खुद को और अपनों को कम से कम नुकसान पहुँचाते हुए। यह अपने आप में आपके समय का एक सार्थक उपयोग है।

और अगर इसके बाद आप ध्यान को और आगे ले जाने का फैसला करते हैं—यह देखने के लिए कि क्या यह वाकई पूर्ण मुक्ति की ओर ले जा सकता है—तो यह और भी उत्तम बात होगी।

आगे क्या पढ़ें?

**सूचना:** अपनी रुचि के अनुसार अध्ययन करने के लिए नीचे दी गई **श्रेणियों** और **विषयों** का उपयोग करें।

इनमें से किसी भी शब्द पर क्लिक करते ही, उससे संबंधित समस्त सूत्र, लेख और चिंतन आपको एक ही स्थान पर संकलित मिल जाएंगे।